डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
विशेष जांच दल (एसआईटी) की ओर से जारी डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के बीएड सत्र 2004-05 के फर्जी और टेंपर्ड प्रमाण पत्रों की सूची में शामिल माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की नौकरी पर खतरा है। विद्यालयों में संबंधित सत्र में बीएड करने वाले शिक्षकों को तलाशा जा रहा है। उनके नाम व अंकपत्र विभाग को उपलब्ध कराया जा रहा है। यह रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले में स्थित राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में तैनात ऐसे शिक्षकों के नाम मांगे गए हैं, जिन्होंने डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से सत्र 2004-05 में बीएड किया है।
उन्होंने बताया कि सभी राजकीय विद्यालयों ने सूचना उपलब्ध करा दी है। सहायता प्राप्त विद्यालयों की जानकारी जैसे आती जा रही है, उसे शासन को भेज दिया जा रहा है। आगे शासन या विभाग की ओर से जो भी निर्देश जारी होंगे उसका पालन किया जाएगा।