आगरा के छीपीटोला स्थित स्टेट बैंक की प्रधान शाखा के करेंसी चेस्ट 100-100 के छह नकली नोट रिजर्व बैंक को भेज दिए गए। कर्मचारियों की नजरें धोखा खा गईं, जबकि नोटों की पहचान करने के लिए मशीन भी लगी हैं। रिजर्व बैंक में जांच के दौरान नकली नोट पकड़ में आ गए। रिजर्व बैंक दावा अनुभाग कानपुर की ओर से रकाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें बैंक के अज्ञात कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है।
छह नोट जांच में मिले नकली
कानपुर रिजर्व बैंक में अन्य करेंसी बैकों की करेंसी चेस्ट शाखाओं से नोट पहुंचते हैं। प्रबंधक दावा अनुभाग निर्गम विभाग की ओर से रकाबगंज थाने में दर्ज मुकदमे में बताया गया है कि विभिन्न करेंसी चेस्ट से बड़ी संख्या में नकली नोट आ रहे हैं। आगरा स्टेट बैंक करेंसी चेस्ट से अप्रैल महीने में भेजे गए 100-100 रुपये के छह नोट जांच में नकली मिले हैं।