दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) का 36 लाख उपभोक्ताओं पर 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक बिजली बिल का बकाया है। सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्र में 31.34 लाख व शहरी क्षेत्र में 4.66 लाख बकाएदार हैं। विभाग ओटीएस योजना के तहत 30 नवंबर तक घरेलू, औद्योगिक व किसानों के नलकूप कनेक्शन पर ब्याज व जुर्माना माफ करने की सुविधा दे रहा है।
डीवीवीएनएल के 21 जिलों में 56.46 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें 65 फीसदी उपभोक्ता बिल नहीं दे रहे हैं। इसका सीधा असर डीवीवीएनएल की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। डिस्कॉम हर माह बिजली खरीद पर 925 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।
वहीं प्रत्येक माह का राजस्व निर्धारण करीब 890 करोड़ रुपये का है, जबकि इसके सापेक्ष बकाया भुगतान करने से 686 करोड़ रुपया प्राप्त हो रहा है। इस तरह करीब 250 करोड़ रुपये की बकाएदारी बढ़ रही है। कुल 56.46 लाख उपभोक्ताओं में 44.23 लाख ग्रामीण हैं। इनमें 31.34 लाख पर साढ़े चार हजार करोड़ रुपये की बकाएदारी है।