पटियाली के सात व अमांपुर के 62 मतदाताओं ने नहीं किया अपने मताधिकार का प्रयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। पोस्टल वैलेट से वोट डालने में कासगंज विधानसभा के दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाता शत प्रतिशत अंक पाकर उत्तीर्ण हुए हैं। सुविधा को मांगने वाले सभी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं अमांपुर व पटियाली विधानसभा के मतदाताओं ने सुविधा मांगने के बाद भी सभी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया।
निर्वाचन आयोग से इस बार दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को पोस्टल बैलेट के माध्यम से घर पर बैठे ही वोट डालने की सुविधा दी। इसके लिए जिले की तीनों विधानसभाओं में बीएलओ की टीमें लगाई गई। मतदान 12 फरवरी से शुरू किया गया। 17 फरवरी तक मतदान कराया गया। मतदान करने में कासगंज के दिव्यांग व बुजुर्ग सबसे अधिक जागरूक निकले। सुविधा मांगने वाले सभी 75 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अमांपुर एवं पटियाली विधानसभा के मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग करने में अधिक रुचि नहीं दिखाई। टीमों के पहुंचने पर कई मतदाता अपने घरों पर नहीं मिले। कई बाहर चले जाने की वजह से वे अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए। अमांपुर में 642 में से 580 ने व पटियाली में 108 में से 101 मतदाताओं ने अपने वोट डाले।
मतदान के लिए निर्धारित तिथियों में दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के घरों पर टीमों को भेजा गया। कुछ मतदाता बाहर जाने की वजह से अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। - राजीव निगम, तहसीलदार पटियाली