बड़े भाई की बेटी के हाथ पीले हो जाएं, इसलिए अपनी जमीन पर बैंक से लोन दिलाया, लेकिन छोटे भाई को मदद के बदले मौत मिली। फिरोजाबाद जिले के गांव नगला गेहूं में सोमवार को रिश्तों के कत्ल की ऐसी वारदात हुई, जिससे ग्रामीण स्तब्ध रह गए। बड़े भाई ने मदद करने वाले छोटे भाई की जान ले ली। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने इस हत्याकांड में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना जसराना के गांव नगला गेहूं निवासी धर्मेंद्र (45 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह का अपने बडे़ भाई श्रीचंद से केसीसी ऋण की किस्त बैंक में न भरने को लेकर रविवार शाम को विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने किसी तरह मामले को शांत करा दिया। सोमवार की सुबह सात बजे धर्मेंद्र अपने नलकूप पर गया था। पीछे से श्रीचंद भी पहुंच गया। उसने ईंट से कूचकर धर्मेंद्र की हत्या कर दी। इसके बाद वहां से भाग निकला।
संबंधित खबर- रिश्तों का कत्ल: ईंट से प्रहार कर भाई की निर्मम हत्या, बैंक लोन को लेकर हुआ था विवाद
मृतक धर्मेंद्र के पुत्र बंटू ने बताया कि ताऊ श्रीचंद की पुत्री की शादी के लिए उसके पिता (धमेंद्र) ने अपनी जमीन पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा जसराना से ऋण दिलाया था। चार साल पहले ढाई लाख रूपये का ऋण दिलाया था। श्रीचंद द्वारा ऋण पैसा न भरने पर बैंक द्वारा बार-बार नोटिस भेजे जा रहे थे।