फिरोजाबाद जिले में शनिवार को भाजपा विधायक, चिकित्सक समेत आठ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मरीजों के घर जाकर दवाई की किट दी। परिजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। संक्रमित मरीजों को होम क्वारंटीन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शिकोहाबाद से भाजपा विधायक डॉ. मुकेश वर्मा में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। शिकोहाबाद के ही शंभू नगर निवासी एक चिकित्सक जिला अस्पताल में दंत रोग विशेषज्ञ के रूप में तैनात हैं। तबियत खराब होने पर उन्होंने जांच कराई थी। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
यहां भी मिले नए मरीज
गणेश नगर में भी कोरोना के मामले मिल रहे हैं। यहां रहने वाली 38 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली है। उसे परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले महिला बाजार में खरीदारी कर घर लौटी थी, तभी से उन्हें बुखार था। 23 वर्षीय युवती और 49 वर्षीय व्यक्ति, मोहल्ला चौहान निवासी 23 वर्षीय युवक में भी संक्रमण की पुष्टि हुई।
सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि कोरोना के आठ नए मरीज मिले हैं। मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराने के लिए टीमें भेजी गई हैं। यदि किसी को कोविड के लक्षण दिखते हैं तो तुरंत जांच कराएं। लापरवाही बिल्कुल न बरतें। कोविड से बचाव को लेकर नियमों को सख्ती से पालन करें।