आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान संस्थान में उच्चस्तरीय समिति की ओर से लगाए जा रही हेल्प डेस्क में बृहस्पतिवार को 35 छात्रों के प्रार्थनापत्र पहुंचे। छुट्टी के कारण कम प्रार्थनाप्रत्र आए। जिन समस्याओं का समाधान होेने लायक था, उन्हें एजेंसी के लिए मार्क किया गया। चार दिनों में गूगल फॉर्म व ई-मेल व हार्ड कॉपी मिलाकर आवेदनों की संख्या 1957 पहुंच गई है।
उच्चस्तरीय समिति के सदस्य प्रो. मनोज श्रीवास्तव और प्रो. ब्रजेश रावत ने प्रार्थनापत्रों को देखकर उनको संबंधित पटलों के लिए मार्क किया। चार दिनों में उच्चस्तरीय समिति को गूगल फॉर्म के माध्यम से 1173, ई-मेल के माध्यम से 326 और हेल्प डेस्क के माध्यम से 458 प्रार्थनापत्र प्राप्त हो चुके हैं। इसमें से महज 70 मामलों का ही निस्तारण हो पाया है। विश्वविद्यालय के कार्यालयों में बुधवार से ही अवकाश हो गया। अधिकारी और कर्मचारी दोनों नहीं बैठ रहे हैं, इससे तमाम समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो पा रहा है।
प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि जिन छात्रों की समस्याओं का समाधान हो जा रहा है, उन्होंने फोन कराकर सूचित भी किया जा रहा है। वहीं, जिनके आवेदनों में किसी प्रमाणपत्र की जरूरत है, उसके लिए भी ई-मेल के माध्यम से संदेश भेजा जा रहा है।