डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
- फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल के निर्देश पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने डिग्री वितरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले चरण में शैक्षणिक सत्र 2018-19 की डिग्रियां कॉलेजों को बांटी जाएंगी। छात्र-छात्राएं संबंधित कॉलेजों से अपनी डिग्री निशुल्क प्राप्त कर सकेंगे। डिग्री वितरण अभियान के पहले चरण की शुरूआत 27 अक्तूबर को तीन नवंबर तक विश्वविद्यालय के छलेसर कैंपस से डिग्रियां कॉलेजों को दी जाएंगी।
छात्रों से नहीं ली जाए फीस
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय का कहना है कि कॉलेजों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह डिग्री के लिए छात्र-छात्राओं से कोई फीस नहीं लेंगे। सत्र 2018-19 के बाद सत्र 2017-18 व 2016-17 की डिग्रियां कॉलेजों को वितरित की जाएंगी। ज्यादा भीड़ न हो, इसके लिए एक-एक सत्र की डिग्री कॉलेजों को दी जा रही है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव की ओर से संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों और निदेशकों के पत्र भेजकर जानकारी दे दी गई है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर के मुताबिक कॉलेज के प्राचार्य की ओर से अधिकृत किसी शिक्षक व कर्मचारी को डिग्री दी जाएगी। इसके लिए संबंधित को अथॉरिटी लेटर, आधार कार्ड व अन्य पहचानपत्र उपलब्ध कराना होगा। अधिकृत पत्र प्रति भी विश्वविद्यालय की ई-मेल आईडी dbraudegree2021@gmail.com पर उपलब्ध कराना होगा।