डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा का गेट
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध सभी कॉलेजों को संबद्धता पत्र में बताई गई कमियों को पूरा करने के लिए 25 अगस्त तक का समय दिया है। कमियों को पूरा करके साक्ष्य विश्वविद्यालय में देना होगा। सत्र 2021-22 में शिक्षक अनुमोदित न होने, प्रबंध समिति अनुमोदित न होने और कमियों को पूरा न करने पर आगामी सत्र के लिए कॉलेजों को संबद्धता नहीं दी जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव संजीव कुमार सिंह की ओर से सभी संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों व सचिवों को पत्र जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि स्थायी संबद्धता प्राप्त पाठ्यक्रमों में शिक्षक व प्रबंध समिति अनुमोदन प्राप्त न होने पर छात्रों के प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की ओर से लॉगिन नहीं खोला जाएगा। इसके लिए कॉलेज प्रबंधन जिम्मेदार होंगे। कॉलेजों में संचालित स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों (बीएड पाठ्यक्रम के अलावा) में पठन-पाठन के लिए मानक के अनुरूप शिक्षकों का अनुमोदन विश्वविद्यालय से प्राप्त करना जरूरी है। कई कॉलेज समय-समय पर विश्वविद्यालय से शिक्षक अनुमोदन के लिए विशेषज्ञ प्राप्त कर लेते हैं, पर शिक्षकों के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी नहीं कराई गई है। यह अनियमितता है। विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों को अंतिम अवसर दिया गया है कि वह विश्वविद्यालय से विषय विशेषज्ञ प्राप्त करके शिक्षकों के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी करा लें। अगस्त में ही प्रक्रिया पूरी करनी है। इसके बाद कॉलेजों को विषय विशेषज्ञ दिया जाना संभव नहीं होगा।