डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन बीएड वर्ष 2013 का परिणाम जल्द घोषित करने की तैयारी में है। गुरुवार को परीक्षा समिति की बैठक में प्रकरण रखा गया। इसमें निर्णय लिया गया कि इस मामले में पूर्व में गठित समिति से आख्या लेकर परिणाम घोषित किया जाएगा। अभी न्यायालय के आदेश पर छात्रों को बीएड 2013 का परिणाम दिया जा रहा है। परिणाम तैयार न होने से डिग्री के सत्यापन में परेशानी हो रही है।
बीएड वर्ष 2013 के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय में की गई थी। इसके बाद वर्ष 2014 में मामले की जांच के लिए समिति बनाई गई। समिति ने पाया कि कॉपियों में अंक बढ़ाए गए हैं। अंकपर्ण और चार्ट में छेड़छाड़ की गई थी।
समिति ने वर्ष 2016 में अपनी आंतरिक रिपोर्ट में कहा कि बीएड 2013 के घोषित परीक्षा परिणाम के सापेक्ष उत्तर पुस्तिकाओं में प्राप्त अंकों के आधार पर परिणाम तैयार किया जाएगा। पूर्व कुलपति डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित के कार्यकाल में उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग कराई गई थी। 18000 छात्र-छात्राओं के परिणाम तैयार भी करा लिए गए थे। दीमक से नष्ट हुई करीब 1100 कॉपियों और ओवर राइटिंग (अंकों से छेड़छाड़) वाली 6674 कॉपियों पर निर्णय नहीं हो पाया था।