उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में राधास्वामी सत्संग सभा और पुलिस आमने सामने आ गई। सत्संगियों की भीड़ इस कदर टूटी की पुलिस के पसीने छूट गए। सत्संगियों ने पुलिस पर पथराव शुरू किया तो पुलिसकर्मियों के पैर उखड़ गए। इस पथराव में एसओ जगदीशपुरा सहित कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना मिलते ही कई थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। हालात अभी नियंत्रण में नहीं हैं।
सत्संगियों द्वारा पुलिस पर लाठी बरसाने से एसओ सहित पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद पुलिस ने बल प्रयोग करके सत्संगियों को वहां से खदेड़ा। हालांकि सत्संगी कुछ दूर जाने के बाद फिर से वहीं रुक गए। वह ग्राउंड से बाहर नहीं गए। कहीं न कहीं सत्संगी पुलिस पर भारी पड़ते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः- वीडियो: जिन डंडों से चीनी सैनिकों ने गलवां घाटी पर बोला था हमला, उसी तरह के डंडे लेकर आए थे सत्संगी
ग्रामीणों ने थाना न्यू आगरा पुलिस पर सत्संगियों से मिलीभगत के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि थाना न्यू आगरा पुलिस सत्संगियों के हाथों बिक गई है। केस दर्ज होने के बाद भी किसी सत्संगी को गिरफ्तार नहीं किया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद सत्संगी लोगों से अभद्रता व मारपीट कर रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः- सुबह धमकी वाला मैसेज शाम को हमला: 'धधक रहा लावा, कहीं तो निकलेगी आग, सत्संगियों का कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाया'
दयालबाग में एक तरफ प्रशासन सत्संगियों को अवैध कब्जा से बेदखल करने के लिए बुलडोजर चला रहा था, दूसरी तरफ सत्संगी गेटों को दोबारा खड़े कर रहे थे। पुलिस फोर्स की आंखों के सामने कानून का मखौल उड़ा। मौके से गिरफ्तार कर सत्संगियों को पुलिस ने रात में थाने से छोड़ दिया।