फिरोजाबाद जिले में डेंगू और वायरल बुखार से हो रही मौतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। यहां पिछले चार दिन में 46 मरीजों की मौत बुखार और डेंगू से हुई है। जबकि 15 दिनों में मौत का आंकड़ा 50 से अधिक है। वहीं कासगंज जिले में दो लोगों की मौत और 50 से अधिक के बीमार होने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है।
फिरोजाबाद में रविवार को डेंगू और बुखार से पीड़ित सात मरीजों की मौत के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी वायरल बुखार से प्रभावित इलाकों में डेरा डाल दिया है। इधर, निजी और सरकारी अस्पताल में मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने के लिए पलंग खाली नहीं मिल रहे हैं।
जिले में स्थिति को देखते हुए रविवार को कमिश्नर अमित गुप्ता ने कई इलाकों का दौरा किया। उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेज, ऐलान नगर समेत कई मोहल्लों में बीमार लोगों से बातचीत कर हालचाल जाना। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को मरीजों के उपचार के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कई क्षेत्रों में कैंप लगाकर दवाई वितरित की है।
कासगंज में दो मरीजों की मौत, कई बीमार
कासगंज जिले के पटियाली के मोहल्ला काजी में बुखार से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक बीमार हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गई जांच में किसी भी मरीज में कोरोना, मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई है। जबकि डेंगू की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। चिकित्सकों का मानना है कि यह वायरल फीवर है।
शनिवार को बुखार पीड़ितों को दवा दी गई और उनकी जांच कराई गई। शाम तक ही कोरोना, मलेरिया न होने की पुष्टि हो गई थी, लेकिन डेंगू की जांच रिपोर्ट के लिए सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए। रविवार को किसी भी मरीज डेंगू की जांच रिपोर्ट विभाग को नहीं मिली।
पटियाली के चिकित्साधीक्षक डा. विनोद कुमार ने बताया कि डेंगू की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने पर डेंगू की स्थिति स्पष्ट होगी, लेकिन यह माना जा रहा है कि इस मौसम में वायरल फीवर के मरीज बढ़ गए हैं। लोग इस मौसम में स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहें।
ठंडे पानी के सेवन से बचें। रखे हुए खाद्य पदार्थ न खाएं। उन्होंने बताया कि पटियाली के मोहल्ला काजी में जानकारी कर ली गई है। मरीजों की सेहत में सुधार हुआ है। वहां लोग सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि यदि किसी और व्यक्ति के पीड़ित होने की जानकारी मिलेगी तो जांच कराकर उपचार कराया जाएगा।