मैनपुरी। लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में सोमवार को सपा, प्रसपा, कांग्रेस और भाकियू ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुए सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। जाम लगाने का प्रयास किया। कलक्ट्रेट में धरना देने के बाद एडीएम को ज्ञापन सौंपा। पूर्व मंत्री आलोक शाक्य ने कहा कि विरोध करने वालों की हत्या सरकार के मंत्री करा रहे हैं। इस दौरान जिलेभर में सुरक्षा के पुख्त इंतजाम रहे।
आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पर एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला। ईशन नदी तिराहा पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सख्ती की वजह से सफल नहीं हो सके। पार्टी नेताओं ने कलक्ट्रेट में सरकार के खिलाफ धरना दिया। पूर्व मंत्री आलोक शाक्य ने कहा पुलिस के बाद सरकार के मंत्री भी विरोध करने वालों की आवाज दबाकर उनकी हत्या करा रहे हैं। भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या करके मनमानी कर रही है। पूर्व मंत्री तोताराम यादव ने कहा कि लखनऊ में पुलिस व्यापारी की हत्या करती है तो लखीमपुर में केंद्र सरकार के मंत्री किसानों की हत्या करा देते हैं। सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि सरकार लखीमपुर में नेताओं को जाने से रोक रही है, जो तानाशाही का प्रतीक है। महिला अध्यक्ष ज्योती मैसी ने कहा कि चुनाव बाद भाजपा का जाना तय है। राष्ट्रपति को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन एडीएम रामजी मिश्रा तथा एएसपी मधुवन कुमार सौंपा गया। प्रदर्शन में सुखवीर सिंह यादव, नृप चौधरी, चंद्रशेखर यादव मौजूद रहे। इधर जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कलक्ट्रेट की सुरक्षा का जायजा लिया और उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दिए।
नारेबाजी कर विरोध जताया
भोगाव। सपाइयों ने रोडवेज बस स्टैंड पर नारेबाजी की। सोमवार को समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष अमित गौरव यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। हरिओम यादव, तौसीफ खान, भानूप्रताप, महादीप शाक्य, अहमद अली, ऋषि यादव, रोहित यादव, कन्हैयालाल, गौरव कठेरिया, मोहित यादव, इमरान मौजूद रहे।
----
दोषियों को दी जाए फांसी की सजा
किशनी। सपा नगर अध्यक्ष संदीप यादव उर्फ डैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सपा कार्यालय से तहसील तक नारेबाजी की। दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। गौरव दयाल वाल्मीकि, जगदीश यादव, प्रवेश यादव गुड्डू, शाहबुद्दीन खान, नरेंद्र यादव, मुकुल यादव, लालू यादव, आशीष जाटव, मनोज वाल्मीकि मौजूद रहे।
----
डीपीआरओ को ज्ञापन दिया
बरनाहल। सपा कार्यकर्ताओं ने दिहुली में रैली निकालकर डीपीआरओ को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया। ब्लाक प्रमुख नीरज यादव, जिला पंचायत सदस्य रघुराज सिंह यादव, धर्मेंद्र शाक्य, सुनील कुमार, अजयपाल, बंटू प्रधान, वीरपाल सिंह, रमन यादव, भानू शाक्य, संजीव कुमार मौजूद रहे।
-----------------------------
पीड़ित परिवारों को मिले एक करोड़ का मुआवजा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को दिया। जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य ने कहा कि लखीमपुर में किसानों की हत्या सामूहिक नरसंहार जैसा है। सरकार को मामले की सीबीआई जांच कराकर पीड़ित परिवारों को एक करोड़ का मुआवजा, एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देनी चाहिए। मंत्री के गोपाल कुलश्रेष्ठ, अजय दुबे, सुरेश राठौर, कैलाश उपाध्याय, सुनील शाक्य, मनोज कुमार शाक्य, अमित वर्मा, अनुपम शाक्य मौजूद रहे।
----
भारतीय किसान यूनियन ने देवी रोड पर चुंगी के पास धरना दिया। यहां से ज्ञापन देने कलक्ट्रेट जा रहे किसानों को पुलिस ने मदार दरवाजे के पास रोक दिया। यहां मौजूद एसडीएम ऋषिराज और सीओ सिटी अभयनरायन राय ने ज्ञापन लेकर उन्हें लौटा दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत ने कहा कि लखीमपुर घटना के बाद किसान चुप नहीं बैठेंगे। योगेंद्र प्रसाद दुबे, राजा ठाकुर, ओमवीर, सुखवीर सिंह यादव, रतीराम, वेदराम, भूपसिंह मौजूद रहे।
----
न्यायिक जांच कराए सरकार
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के कार्यकर्ताओं नेराज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। कलक्ट्रेट जा रहे पार्टी नेताओं को पुलिस ने करहल चौराहे पर रोक दिया। यहां एसडीएम ऋषिराज ने ज्ञापन लिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। मंत्री के पुत्र को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाए। जिलाध्यक्ष वोट सिंह यादव, अरविंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक अनिल यादव, हरीप्रकाश यादव, आजम खां, नेहा चौहान, सदाकत वारसी, दिनेश यादव मौजूद रहे।
----
बारिश होते ही भागे सपाई और पुलिसकर्मी
सपाई पूरे जोश के साथ कलक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क में धरना दे रहे थे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स भी तैनात था। अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इससे धरना स्थल पर भगदड़ मच गई। सपा नेता और पुलिसकर्मी बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सभी ने सरकारी दफ्तरों में घुसकर खुद को बचाया।
घटना की न्यायिक जांच कराएं
बहुजन समाज पार्टी की बैठक सोमवार को अनुराग पांडेय के आवास पर हुई। लखीमपुर घटना के बाद रात में ही राष्ट्रीय महासचिव सतीशचंद्र मिश्रा व पूर्व मंत्री नकुल दुबे को हाउस अरेस्ट करने की निंदा करके लखीमपुर घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई। शशिलता पांडेय, गौरव पांडेय, केके मिश्रा, अमित, निशांत, गिरिजा देवी, काजल, आरती मौजूद रहे।
----