एक बार फिर दिल्ली और आगरा के बीच हवाई सेवा शुरू होने वाली है। तीन अगस्त को एयर डेक्कन दिल्ली-आगरा रूट पर रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत उड़ान सेवा शुरू कर रहा है। दिल्ली से चलकर एयर डेक्कन का विमान रात 9:30 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर आएगा और 9:45 पर वापस दिल्ली चला जाएगा।
साल 2011 में सभी उड़ान सेवा बंद कर चुका एयर डेक्कन फिर से फ्लाइट शुरू करने वाला है। तीन अगस्त से इसकी शुरूआत होगी और इस बार आगरा-दिल्ली रूट भी शामिल होगा। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत कई रूट पर एयर डेक्कन सेवा का संचालन करेगा। नई दिल्ली एयरपोर्ट से खेरिया हवाई अड्डे तक यह उड़ान रहेगी। एयर डेक्कन तीन अगस्त को छोटे विमान के साथ ही आएगा। हालांकि अभी इसकी कामर्शियल बुकिंग शुरू नहीं हुई है और न ही वेबसाइट पर इस रूट पर विमान सेवा की जानकारी दी गई है। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की निदेशक कुसुम दास ने बताया कि एयर डेक्कन ने अपनी विमान सेवा के समय की जानकारी एयरपोर्ट अथारिटी को दे दी है। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के लिए पत्र भेजा है। फिलहाल आगरा के लिए एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी-आगरा-खजुराहो उड़ान चल रही है, जो सप्ताह में तीन दिन आगरा से संचालित है।
जयपुर-आगरा के बीच शुरू न हुई उड़ान
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़े जोर शोर से उड़ान योजना के तहत छोटे शहरों को हवाई मार्ग से जोड़ने का एलान किया था। इसमें जयपुर आगरा रूट भी शामिल था। एयर इंडिया ने 17 जून से जयपुर-आगरा के बीच फ्लाइट शुरू करने का एलान भी किया लेकिन 10 दिन बाद भी एटीआर-72 विमान आगरा के लिए उड़ नहीं पाया है। खेरिया एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथारिटी के पास अभी तक ऐसी कोई जानकारी नहीं है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा के साथ शहर के सांसद और विधायकों की बैठक में उन्होंने भी जयपुर-आगरा फ्लाइट को जून में शुरू करने का वादा किया था, लेकिन यह अब तक नहीं चली। गोल्डन ट्रायंगल के शहरों दिल्ली-आगरा-जयपुर को हवाई मार्ग से जोड़ने पर पर्यटकों में तेजी से बढ़ोतरी की उम्मीद है। दरअसल, जयपुर और आगरा के बीच चार से पांच घंटे का समय लगता है। विदेशी पर्यटक आगरा के बाद जयपुर ही सबसे ज्यादा जाते हैं।