कासगंज के कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को सरसों के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके गले में अंगोछा का फंदा पड़ा हुआ था। जिससे आशंका जताई गई है कि युवक की हत्या कर शव खेत में फेंका गया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
सोमवार की सुबह गांव बांकनेर के समीप लोग खेतों की ओर टहलने को निकले थे। उन्होंने सरसों के खेत में युवक का शव पड़ा देखा। लोगों ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। इस पर सीओ सिटी दीप कुमार पंत, कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक चंद्रेश गौतम पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त के प्रयास किए।
काफी प्रयासों के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। यहां शिनाख्त के लिए शव रखा गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। दो दिन तक शव की शिनाख्त के प्रयास किए जाएंगे। शिनाख्त होने या न होने की स्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया दिया जाएगा।
सीओ सिटी दीपकुमार पंत ने बताया कि खेत में अज्ञात शव मिला है। प्रथमदृष्टया यह प्रतीत होता है कि हत्या कर शव फेंका गया है। गले में अंगोछे से फंदा डाला गया है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।