एटा के जैथरा थाना क्षेत्र के गांव नगला सुमिरथ निवासी लापता बुजुर्ग के मामले में रहस्य और गहरा गया है। आईजी कानपुर के निर्देश के बाद फर्रुखाबाद जनपद की कायमगंज कोतवाली में उसकी प्रेमिका महिला सहित दो नामजद और अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। महिला द्वारा शव दफनाए जाने वाले स्थान गांव रुटौल की खोदाई गई, जहां शव नहीं मिला है। एक घड़ी मिली, जिसकी पहचान बुजुर्ग की घड़ी के रूप में उसके परिजन ने की है। शव को अन्य स्थानों पर तलाशने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
जैथरा थाना क्षेत्र के गांव नगला सुमिरथ निवासी रनधीर ने कोतवाली कायमगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उसकी मां का देहांत चार साल पहले हो गया था। गीता शर्मा उर्फ खुशबू नाम की एक महिला को उसके पिता देशराज (70) गांव ले आए थे। छह माह साथ रहने के बाद महिला रात के समय घर से रुपये व जेवरात लेकर चली गई। 12 अप्रैल को पिता को महिला व उसके साथी रुटौल निवासी साथी प्रदीप ने फोन कॉल कर वहां बुलाया। जिस पर पिता चले गए। रात को नौ बजे उनका फोन बंद हो गया। 17 अप्रैल को जैथरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
रुपये-जेवरात वापस न करने पड़े, इसलिए हत्या की
वहीं पिता को खोजने के दौरान महिला मिल गई। उसने बताया कि प्रदीप के साथ मिलकर देशराज की हत्या कर दी थी। आरोपी के आम के बगीचे के पास एक खेत में शव को दफना दिया। रुपये व जेवरात वापस न करने पड़े, इसलिए हत्या की। सोमवार को दिनभर रिपोर्ट दर्ज करने और खोदाई किए जाने को लेकर एटा व फर्रुखाबाद पुलिस के बीच विवाद की स्थिति रही।
खोदाई में मृतक की घड़ी मिली
आईजी कानपुर के निर्देश पर रात में कायमगंज कोतवाली पुलिस ने महिला गीता शर्मा व प्रदीप सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार की ही देर रात पुलिस आरोपी महिला को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। जहां खोदाई के दौरान मृतक की घड़ी मिली है, शव नहीं मिला।
पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
थाना प्रभारी जैथरा डॉ. सुधीर राघव का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर कायमगंज कोतवाली में दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जानकारी मिली है कि बुजुर्ग का शव बरामद नहीं हुआ है। महिला द्वारा यही बताया जा रहा था कि शव को वहीं दफनाया था। हो सकता है उसके साथी ने शव को वहां से निकाल कर कहीं और पहुंचा दिया हो।
आ रही थी बदबू, लेकिन शव नहीं निकला
मृतक के परिजन ने बताया जिस समय आरोपी महिला के बताए गए स्थान पर खोदाई कराई गई, वहां बदबू आ रही थी, लेकिन गड्डे से शव नहीं निकला है। आरोपियों द्वारा शव को गायब कर दिया गया है।