डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 88वें दीक्षांत समारोह के लिए पदकों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। आपत्तियों के आधार पर चार पदकों के अभ्यर्थियों के नाम बदले गए हैं। पदक संख्या 110, 111, 114 और 116 के नामों में संशोधन किया गया है। पदक सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। गोल्डन गर्ल एफएच मेडिकल कॉलेज की हुमा जाफर ही रहेंगी।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 88वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि के नाम पर राजभवन से मुहर लग गई है। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के पूर्व अध्यक्ष प्रो. मानिकराव माधवराव (एमएम) सालुंखे मुख्य अतिथि होंगे। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रो. एमएम सालुंखे का जन्म 1955 में हुआ था। उन्होंने डॉक्टोरल डिग्री ऑर्गेनिक केमेस्ट्री में वर्ष 1979 में शिवाजी यूनिवर्सिटी कोल्हापुर से प्राप्त की। इसी विश्वविद्यालय में एक वर्ष काम करने के बाद वर्ष 1980 में उसी यूनिवर्सिटी में बतौर प्रवक्ता पढ़ाना शुरू किया, बाद में रीडर बने। वर्ष 1995 में इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, मुंबई में प्रोफेसर बने। बाद में वह केमेस्ट्री के विभागाध्यक्ष व निदेशक के पद पर रहे। वर्ष 2004 में शिवाजी यूनिवर्सिटी कोल्हापुर के कुलपति बने। वर्ष 2009 में सेंट्रल यूनिवर्सिटी राजस्थान के पहले कुलपति बने। उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।