अगर आप इस साल अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाने जा रहे हैं तो हमारी एयरलाइंस आपको दो मुफ्त टिकट देगी। आपको सिर्फ यह लिंक क्लिक करके अपनी डिटेल देनी है।
48 घंटों में टिकट आपके पास पहुंच जाएगा। अगर आपको यह संदेश कहीं नजर आए तो सावधान रहिए। आप साइबर अपराधियों के निशाने पर आ चुके हैं।
यह नया फंडा है, लोगों को जाल में फंसाने का। आप जैसे ही लिंक क्लिक करेंगे, आपके मोबाइल का डाटा साइबर अपराधियों तक पहुंच सकता है।
demo pic
अगर आपने अपने खाते की डिटेल दे दी, जो वह मांग रहे हैं तो काफी नुकसान हो सकता है। साइबर अपराधी आपका खाता साफ कर देंगे और आपको पता भी बाद में चलेगा।
साइबर फोरेंसिक एक्सपर्ट दानिश खान का कहना है कि गर्मियों की छुट्टियों में साइबर अपराधियों का यह हथकंडा सामने आया है। ऐसा ही ऑफर जेट एयरवेज कंपनी के नाम से साइबर अपराधियों ने दिया है। फर्जी लिंक भी बनाकर डाला है।
कंपनी ने ट्वीटर के माध्यम से साफ किया है कि यह लिंक और ऑफर फर्जी है। ऐसे ही और भी कंपनियों के ऑफर चल रहे हैं। ट्वीटर, व्हाट्सएप, फेसबुक और ई-मेल के जरिए इस तरह के मैसेज भेजे जा रहे हैं।
लगातार बदल रहे हैं हथकंडे
साइबर अपराधी लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। शादी के सीजन में मैरिज ब्यूरो वाले बन जाते हैं और रिश्ता कराने के नाम पर खाते में पांच से 10 हजार तक जमा कराकर मोबाइल स्विच ऑफ कर लेते हैं।
मार्च के महीने में फोन करके खाता बंद होने और एटीएम कार्ड बदले जाने की बात कहते हैं और खाते की डिटेल लेकर रकम साफ कर देते हैं। शुरू में टॉवर लगाए जाने, नौकरी लगवाने और लॉटरी का लालच देकर ठगी कर रहे थे।