मैनपुरी। साइबर सेल की टीम ने बिछवां के रहने वाले एक व्यक्ति के खाते से निकाले गए 38427 रुपये में करीब 32 हजार रुपये शुक्रवार को वापस कराए। कुछ दिन पूर्व ठग द्वारा खुद को एक पेंट कंपनी का कर्मचारी बताते हुए खाते से नकदी उड़ाई गई थी। टीम अब शातिर की तलाश कर रही है।
कस्बा बिछवां निवासी प्रदीप कुमार ने कुछ दिन पूर्व एसपी अशोक कुमार राय को एक प्रार्थनापत्र दिया था। बताया था कि 20 अगस्त को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया, बताया कि वह एक नामी पेंट कंपनी का कर्मचारी है। बातचीत के दौरान प्रदीप से खाता के संबंध में गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।
जब तक वह कुछ समझ पाता खाते से 38427 रुपये निकाल लिए गए थे। एसपी ने मामले की जांच साइबर सेल प्रभारी विक्रम सिंह को सौंपा था। शुक्रवार को टीम ने प्रदीप के खाते से निकाली गई धनराशि में से 32074 रुपये वापस कराए। टीम अब शातिर की तलाश कर रही है।