कुरावली। गांव खिरना खुर्द निवासी एक सैनिक के खाते से 80 हजार रुपये उड़ाने वाले एक साइबर ठग को साइबर सेल व कुरावली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शातिर ने अपने गैंग के सदस्यों के नाम भी बताए। पुलिस अब उनकी भी तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव खिरना खुर्द निवासी सैनिक अनुरोध ने कुछ दिन पूर्व एसपी अशोक कुमार राय को एक प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और अपना रिश्तेदार बताते हुए कहा कि उनका खाता बंद है। उसे कुछ रुपये डलवाने हैं, उन्हें झांसे में लेकर पेटीएम खाते की जानकारी ले ली। कुछ ही देर में उनके खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत पर जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक ओमहरि बाजपेई, साइबर सेल प्रभारी विक्रम सिंह और उनकी टीम ने बृहस्पतिवार को आगरा के रहने वाले साइबर ठग को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अविनाश बाल्मीकि निवासी ग्वालियर रोड थाना सदर बाजार आगरा बताया। उसने अपने गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी दी। बताया कि वह लोगों को अपना रिश्तेदार बताकर ऑनलाइन ठगी करते हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि धोखाधड़ी कर अर्जित की गई संपत्ति के बारे में भी जानकारी की जा रही है।