मैनपुरी। जिले में बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लखनऊ से आई महामारी विशेषज्ञों की टीम दो दिन से जिले में डेरा डाले हुए है। बृहस्पतिवार को महामारी विशेषज्ञों ने जिला अस्पताल और कोविड लेवल टू अस्पताल में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कोरोना जांच के लिए तैयार हो रही आधुनिक लैब का भी निरीक्षण किया।
लखनऊ से महामारी विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक मिश्र और डॉ. अनुज त्रिपाठी की टीम जिले के भ्रमण पर है। बृहस्पतिवार को दोनों जिला महामारी प्रभारी डॉ. अनिल यादव और मलेरिया अधिकारी एसएन सिंह के साथ कोविड लेवल टू अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा। अस्पताल में निर्माणाधीन कोविड-19 आरटीपीसीआर लैब का भी निरीक्षण किया। डॉ. आरके सिंह से व्यवस्थाओं के संबंध में सवाल जवाब किए।
दोपहर बाद ये टीम जिला अस्पताल पहुंची और यहां सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी के साथ मरीजों के उपचार के संबंध में भी जानकारी ली। टीम के सदस्यों ने सीएमएस को बेहतर उपचार के लिए कुछ जरूरी सुझाव भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. राजीव राय भी मौजूद रहे।