अश्लील क्लीपिंग यू-ट्यूब पर डालने की दी धमकी,
- फोटो : Demo
ताज सुरक्षा थाने में तैनात दरोगा का बेटा शादी का झांसा देकर तीन साल तक बीएससी की छात्रा का यौन शोषण करता रहा। मोबाइल से अश्लील क्लीपिंग बना ली। अब युवक दूसरी युवती से शादी कर रहा है। विरोध करने पर छात्रा को क्लीपिंग यू-ट्यूब पर डालकर बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता का परिवार दहशत में है। मंगलवार को भाजपा नेताओं के साथ थाना जगदीशपुरा पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास नहीं किए जा रहे।
थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की युवती चार साल पहले घर के पास ही एक स्कूल में पढ़ती थी। वहां पर बालाजी पुरम निवासी एचसीपी कमल सिंह तोमर का बेटा प्रमोद तोमर भी पढ़ता था। युवती की प्रमोद से दोस्ती हो गई। युवती का आरोप है कि तीन साल पहले प्रमोद उसे एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने शादी का वादा किया। इसके बाद उनसे कई बार शारीरिक शोषण किया। एक होटल में मोबाइल से अश्लील क्लीपिंग भी बना ली। दोनों की जाति अलग-अलग है। इस कारण पहले तो घरवाले राजी नहीं थे। बाद में प्रमोद के पिता राजी तो हो गए लेकिन इसके आगे बात नहीं चली।
छह माह पूर्व युवती को पता चला कि प्रमोद किसी और लड़की से शादी कर रहा है। आठ दिसंबर को लगन तो 12 को शादी है। विरोध करने पर युवक ने छात्रा को पिता और भाई को जान से मारने व क्लीपिंग इंटरनेट, यू-ट्यूब पर डाल कर बदनाम करने की धमकी दी। इससे युवती का परिवार दहशत में आ गया। पीड़िता ने भाजपा नेत्री प्रतिमा भार्गव, समाजसेवी बृजेश पंडित, विजेंद्र माहौर, मनीष माहौर के साथ थाना जगदीशपुरा में शिकायत की। एसएसआई थाना जगदीशपुरा का कहना है कि प्रमोद के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के पिता ताज सुरक्षा थाना में तैनात हैं। जांच की जा रही है। जांच में क्लीपिंग बनाने की पुष्टि होने पर मुकदमे में आईटी एक्ट की धारा भी बढ़ाई जाएगी।