पारा 45 डिग्री पार पहुंचने के बाद हर किसी जुबां पर मौसम के सितम का ही जिक्र है। सोशल मीडिया पर इन दिनों सबसे ज्यादा पोस्ट मौसम के ही हैं। कार्टून शेयर करने के साथ लोग हीट स्ट्रोक से बचाव के तरीके और लू से बचने के उपाय भी सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।
व्हाट्सएप और फेसबुक पर गर्मी के सितम से जुड़े पोस्ट शेयर हो रहे हैं। कई ग्रुपों में चल रहा है कि हे सूर्य देव, अब गुस्सा थूक दो न, पारा नीचे कर लो। किसी ने लिखा कि पीएम मोदी की डिग्री विवाद में डिग्री शब्द इतना चला कि सूर्यदेव ने अपनी डिग्री दिखा दी। हीट स्ट्रोक से बचाव के तरीकों को भी खूब शेयर किया जा रहा है।
45 पार रहा पारा
गुरुवार को पारा 45 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 45.2 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा। दोपहर 12:30 बजे के बाद पारा 44 डिग्री पर पहुंचा जो शाम 5:40 तक 44 डिग्री पर बना रहा। करीब पांच घंटे तक पारे की इस चाल से लोग बेहाल रहे। रात में भी तपिश बनी रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, गर्मी से अभी दो दिन राहत नहीं मिलने वाली। पारा 45 डिग्री के पार ही बना रहेगा।