फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिपाही भर्ती परीक्षा: आगरा मंडल में सरगना सहित 12 गिरफ्तार, पूछताछ में बड़ा खुलासा

Sun, 27 Jan 2019 03:48 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
पकड़े गए सॉल्वर गैंग के सरगना सहित तीन सदस्य
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में नकल करने और करवाने वाले 12 लोगों को मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद से गिरफ्तार किया गया है। आगरा में पांच और मथुरा में छह लोग पकड़े गए। इनमें सॉल्वर गिरोह का सरगना भी शामिल है। 
विज्ञापन


आगरा में गिरफ्तार किए गए नकल कराने वाले गिरोह के तीन युवकों में मथुरा के बछगांव निवासी शिव कुमार, राया क्षेत्र के गांव सोनई निवासी भुवनेश और कानपुर देहात के थाना डेरापुर निवासी सत्यम कटियार शामिल हैं। इनमें शिवकुमार गिरोह का सरगना है।

शिवकुमार के खिलाफ मध्य प्रदेश में भी परीक्षा में नकल कराने का केस दर्ज है। इस गिरोह के पास से 4200 कैश, दो आधार कार्ड, दो वोटर कार्ड, तीन पेन कार्ड, एक डीएल, एक फर्जी एडमिट कार्ड मिला है। यह गिरोह प्रति अभ्यर्थी नकल कराने के पांच से छह लाख लेता है। 
विज्ञापन

परीक्षा केंद्रों से हुई इनकी गिरफ्तारी

इस गिरोह के अतिरिक्त आगरा के अलबतिया स्थित रमेशचंद्र दिनेश चंद्र शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राहुल पुत्र रामनिवास निवासी मटसेना, फिरोजाबाद को पकड़ा गया। वो दिनेश पुत्र जगदीश निवासी, मटसेना फिरोजाबाद की जगह परीक्षा देने आया था। फोटो, बायोमेट्रिक और हस्ताक्षर मिलान के दौरान पकड़ लिया गया। 

वहीं, थाना सिकंदरा क्षेत्र के पुष्पांजलि आशियाना स्थित चिल्ड्रेन प्रोग्रेसिव स्कूल में पुलिस ने एक परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया है। वो इलेक्टॉनिक डिवाइस लगाकर परीक्षा केंद्र में पहुंचा था। कक्ष निरीक्षक ने उसे नकल करते रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी का नाम खिलौना पुत्र भागवत प्रसाद निवासी भरनकलां मथुरा है।

मथुरा से पकड़ा गया सॉल्वर गैंग

फिरोजाबाद से पकड़ा गया सॉल्वर - फोटो : अमर उजाला
उधर, मथुरा में एसटीएफ ने सॉल्वर गैंग के सरगना सहित तीन युवकों को पकड़ा है। इनमें पवन (सरगना) पुत्र सोबरन निवासी मई,  राजकुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी इगलास और जीवन सिंह निवासी इगलास अलीगढ़ हैं। 

हाईवे पुलिस ने बाकलपुर में श्रीगोविंद सरस्वती इंटर कॉलेज से परीक्षार्थी सुनील पुत्र सुल्तान सिंह निवासी नौगढ़, फतेहाबाद आगरा को पकड़ा है। इसके बाद स्कूल के बाहर से सुनील के मौसेरे भाई मुकेश पुत्र चंद्रपाल सिंह को पकड़ा गया।

इन्होंने अपनी बनियान में डिवाइस लगा रखी थी। उधर, महावन पुलिस ने केके डिग्री कॉलेज से डिगेंद्र पुत्र राजकुमार निवासी पिसावा अलीगढ़ को पकड़ा है। वह भी डिवाइस के जरिए नकल कर रहा था। 
विज्ञापन

पास कराने का लेते थे ठेका

पुलिस भर्ती परीक्षा में लिखित परीक्षा में पेपर सॉल्व कराने से लेकर फिजिकल परीक्षा में पास कराने के एवज में पांच से 10 लाख रुपये लिए गए थे। एसटीएफ की मानें तो करीब 50 परीक्षार्थियों से यह लोग रकम ले चुके थे। 

एसटीएफ अब इस गैंग की जड़ें खंगाल रही है, जिससे कि बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा। सीओ महावन पीपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए गैंग से पूछताछ की जा रही है। सिपाही भर्ती में पकड़े गए परीक्षार्थियों ने 20-20 हजार रुपये में डिवाइस खरीदी थीं। यह लोग डिवाइस को बनियान में छिपाकर सॉल्वर गैंग की मदद से नकल कर रहे थे। 

वहीं फिरोजाबाद के अमर दीप कॉलेज में भी एक सॉल्वर पकड़ा गया है। पकड़ा गया युवक अंकित पुत्र नेत्रपाल निवासी दमगढ़ी, जिला अलीगढ़ रवि सविता पुत्र रामधन सविता की जगह परीक्षा दे रहा था। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें