शाहदरा बवाल मामले में दबाव बनाकर समझौते का आरोप, ज्ञापन सौंपा
- फोटो : अमर उजाला
एत्माद्दौला के शाहदरा में हुए बवाल मामले में पुलिस पर दबाव बनाकर समझौता कराने का आरोप लगा है। बजरंग दल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रविवार को थाना एत्माद्दौला का घेराव कर लिया। नारेबाजी करते हुए थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। एक घंटे तक हंगामा होता रहा। इस दौरान इंस्पेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया।
बता दें, एक सप्ताह पहले शाहदरा में दो समुदाय में पथराव और फायरिंग हुई थी। इस मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे। एक-एक मुकदमा दोनों पक्षों की ओर से, जबकि एक पुलिस की ओर से दर्ज किया गया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था। बजरंग दल पदाधिकारियों का आरोप है कि शाहदरा में धर्मस्थल में प्रतिमा खंडित कर दी गई। प्रशासन ने प्रतिमा लगवा दी लेकिन उसकी प्राण प्रतिष्ठा नहीं कराई गई। अगर, पुलिस प्रशासन की ओर से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा नहीं कराई जाती तो बजरंग दल खुद करवाएगा। शहर में गोकशी की घटनाएं आम बात हैं। इन पर लगाम नहीं लग पा रही है। इसके अलावा लवजेहाद की घटनाएं नहीं रुक रहीं। वहीं पिछले दिनों भाजपा नेता के साथ एक दरोगा ने अभद्रता की, उस पर भी कार्रवाई नहीं की गई। इन्हीं मांगों को लेकर रविवार दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे बजरंगियों ने थाना एत्माद्दौला का घेराव कर लिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। पुलिस से भी तीखी नोकझोंक हुई। बाद में इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने ज्ञापन लिया। कार्रवाई का आश्वासन दिया। एक घंटे बाद ही बजरंगियों को थाने से हटाया जा सका।