हाल ही में हुए निगम चुनाव में जीत दर्ज कर पार्षद बने दिलीप शर्मा की रविवार सुबह उनके घर के बाहर से स्कूटी चोरी हो गई। उन्होंने काफी तलाश के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। वहीं शाम को करीब 6 बजे उनकी स्कूटी टूटी हालत में बापूधाम फेज-2 में ही मिल गई।
दिलीप शर्मा के अनुसार वह परिवार के साथ सेक्टर-26, बापूधाम फेज-1 में रहते हैं। रोजाना की तरह शनिवार शाम को उन्होंने अपनी स्कूटी घर के बाहर पार्क की थी। रविवार सुबह जब वह उठे और बाहर आए तो स्कूटी गायब थी। पहले उन्होंने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की, लेकिन किसी को स्कूटी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
तलाश के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने स्कूटी चोरी की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर अभी उनके घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच पड़ताल शुरू ही की थी कि शाम करीब छह बजे शर्मा के भतीजे को उनकी स्कूटी फेज-2 बापूधाम में ही सड़क किनारे टूटी हुई हालत में मिल गई।
इसके बाद शर्मा ने पुलिस को इसकी सूचना दी। शर्मा के अनुसार हालांकि स्कूटी मिल गई है, लेकिन इसके बावजूद वह इसे चोरी करने वाले की तलाश जरूर करवाएंगे।