मथुरा जंक्शन और आउटर के आसपास लगातार फेल रहे रेलवे सिग्नल की बड़ी वजह आरपीएफ ने पता कर ली है। रेलवे पुलिस ने एक युवक को पकड़ा और उसने जो पुलिस के सामने कबूल किया वह बात वाकई हैरान करने वाली है। युवक ने बताया कि वह अपने नशे का खर्चा निकालने के लिए रेलवे के सिग्नल फेल कर रहा था।
बताया गया है कि मथुरा जंक्शन, आउटर व आसपास के रेल ट्रैक के सिग्नल किसी तकनीकी खराबी से फेल नहीं हो रहे थे। एक युवक शराब के नशे का शौक पूरा करने को सिग्नल से तांबे का तार चोरी कर कबाड़ी को बेच रहा था। आरपीएफ ने बुधवार को सिग्नल के तार चुराने वाले को गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ प्रभारी सत्येंद्र यादव ने बताया कि रेलवे जंक्शन, आउटर व आसपास सिग्नल को लगे तांबे के तार काट लिए जाते थे। इससे सिग्नल फेल हो जाता था। इस मामले में चौमुंहा निवासी टीकम सिंह को दबोच लिया।
उसकी निशानदेही पर कबाड़ी के यहां से रेलवे का 60 फुट लंबा तांबे का तार बरामद किया है। टीकम ने बताया कि वह शराब का आदी है, शराब के रुपये जुटाने के लिए वह सिग्नल का तांबे का तार काटकर कबाड़ी को बेचता था।