फतेहाबाद रोड स्थित ‘दी हाइप’ हुक्का बार में अनैतिक गतिविधियों के विरोध में कृपाधाम अपार्टमेंट के लोगों ने तोड़फोड़ कर हंगामा किया। कर्मचारियों से हाथापाई कर दी। आरोप है कि बंद केबिनों में देह व्यापार कराया जा रहा है। नशा भी परोसा जा रहा है। छह माह से अपार्टमेंट के लोग इससे परेशान हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हुक्का बार को बंद करा दिया।
तीन मंजिला कृपाधाम अपार्टमेंट के बेसमेंट में तकरीबन छह माह से अकोला निवासी रविंद्र चौधरी का दी हाइप के नाम हुक्का बार संचालित है। यहां बंद केबिनों में गद्दे और टेबल लगी हुई हैं। केबिन का एक घंटा का चार्ज 250 रुपये है। सोमवार की रात को अपार्टमेंट में रहने वाली एक किशोरी को नशे की हालत में देख हड़कंप मच गया। पता चला कि किशोरी हुक्का बार में गई थी। इस पर अपार्टमेंट के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यूपी बार कौंसिल की सदस्य कुमारी दरवेश यादव के साथ महिलाओं और युवकों ने बार पर धावा बोल दिया। तोड़फोड़ कर डाली। हुक्का बार में से युवक-युवती भाग निकले। गुस्साए लोगों ने ताज व्यू तिराहे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची ताजगंज थाना पुलिस ने एक बार कर्मचारी को हिरासत में ले लिया। तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने बार पर ताला लगा दिया है। इंस्पेक्टर ताजगंज अरुण कुमार ने बताया कि लोगों की शिकायत पर हुक्का बार को बंद करा दिया गया है। वैसे कर्मचारियों का कहना है कि हुक्के में फ्रूट फ्लेवर परोसे जाते हैं। प्रदर्शन में रेनू यादव एडवोकेट, कंचन एडवोकेट आदि भी प्रदर्शन में शामिल रहीं।
बंद केबिनों में बैठते हैं प्रेमी जोड़े
अधिवक्ता दरवेश ने बताया कि बार सुबह आठ बजे से रात दो बजे तक चलता है। यहां हुक्के के नाम पर चरस, गांजे के नशे के साथ ही देह व्यापार भी होता है। बंद केबिनों में प्रेमी जोड़े सुबह से शाम तक आते रहते हैं। कई दफा नशे की हालत में लड़कियों को युवक कारों में डालकर ले जाते हैं। इससे अपार्टमेंट का माहौल खराब हो रहा है।
टूरिज्म ट्रेड से जुड़े लोगों का भी आना-जाना
दी हाइप में पहले विदेशी पर्यटक भी आते थे। लोगों ने बताया कि युवक लड़कियों को हुक्के में फ्रूट फ्लेवर के नाम पर नशा करा देते हैं। छह माह से इस तरह की गतिविधियां देख रहे हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का भी यहां आना-जाना रहता है।