दिवंगत विहिप नेता अरुण माहौर की श्रद्धांजलि सभा में दिए भड़काऊ भाषण के मुकदमे मेें नामजद आरोपी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता शशांक चौधरी और हिंदूवादी नेता अशोक लवानिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस ने उनके घरों की कुर्की की तैयारी कर ली है। इंस्पेक्टर थाना लोहामंडी ने बताया कि सोमवार को शशांक चौधरी के हसनपुरा और अशोक लवानिया के नौंवामील, डौकी स्थित आवास पर धारा 82 का नोटिस चस्पा किया गया। क्षेत्र में मुनादी भी कराई। आरोपी नेताओं की एक महीने में गिरफ्तारी नहीं हो पाती तो कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें, यह सभा जयपुर हाउस में हुई थी। यहां भड़काऊ भाषण देने पर भाजपा पार्षद दल की नेता कुंदनिका शर्मा, शशांक चौधरी और अशोक लवानिया के खिलाफ थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कुंदनिका शर्मा को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। हालांकि उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई थी। वहीं अन्य दोनों नेता फरार हैं।