खंदौली में चार लोगों की जान लेने वाली जहरीली शराब की खेप एटा से आई थी। रविवार रात ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद गिरफ्त में आए एक सप्लायर ने इसका खुलासा किया। इस ‘जहर’ की खेप देहात क्षेत्र में कई स्थानों पर की गई। अब शराब माफिया तक पहुंचने के लिए एक टीम एटा रवाना की गई है। पता चला है कि एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में हरियाणा से तस्करी कर शराब लाई जाती है। इसकी मात्रा बढ़ाने के लिए इसमें केमिकल मिलाया जाता है। फिर यहां से बोतल में पैकिंग कर सप्लाई की जाती है।
पुलिस ने रविवार रात कई गांवों में छापेमारी की। गांव बांस दलेल के अवधेश पुत्र ओमप्रकाश को पकड़ा। सीओ एत्मादपुर के मुताबिक, अवधेश से पूछताछ के बाद अवैध शराब की बिक्री के खेल का खुलासा हुआ है। उसने कुबूल किया कि वह शराब की सप्लाई करता है। एत्माद्दौला का एक युवक हाल ही में शराब की तस्करी से जुड़ा है। वह एटा का रहने वाला है। युवक को एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र में रहने वाले माफिया ने शराब की पांच पेटी उपलब्ध कराई थीं। इसके बाद ही युवक पहली बार शराब की खेप लेकर अवधेश के पास जून के आखिर में पहुंचा था। अवधेश ने शराब की सप्लाई विजय को और अमर ढाबा पर की। यहां से लालगढ़ी सहित एक दर्जन गांव में शराब सप्लाई की गई। एटा में हरियाणा से तस्करी कर शराब लाई जाती है। यहां पर पानी और केमिकल मिलाकर शराब की मात्रा बढ़ाई जाती है। फिर इसे प्लास्टिक की बोतल में भरी जाती है। सील पैक कर दिया जाता है। सप्लायरों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर पहुंचा दी जाती है। एक बोतल (पौवा) 30 से 40 रुपये लिए जाते हैं।
खंदौली में अवधेश ने शराब की खेप पहुंचाई। इसे पीने से लोग बेमौत मारे गए। वहीं बाकी शराब की बिक्री कहां-कहां हुई है, पुलिस इस बारे में पता करने के लिए एटा के युवक की तलाश कर रही है।
मौत के सौदागरों की संपत्ति होगी जब्त
जहरीली शराब की बिक्री करने वालों पर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। एसएसपी राजेश डी मोदक ने बताया कि शराब से हुई मौत के मामले में आरोपियों की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गैंगेस्टर की भी कार्रवाई होगी।
कोल्ड स्टोरेज का ठेकेदार पकड़ा
कोल्ड स्टोरेज पर मजदूरी करने आए मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को पुलिस यशवंत नर्सिंग होम में भर्ती एक मजदूर दुर्योधन के परिवारीजनों से मिलने पहुंची। इसके बाद पुलिस ने ठेकेदार हनीफ को उठा लिया। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है।
अवैध शराब की बिक्री रोकेगी टीम
जिले मेें अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एत्मादपुर क्षेत्र में शराब की बिक्री रोकने के लिए एक टीम बनाई गई है, जो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है।