सैंडिल कारोबारी हाजी मुईन हत्याकांड में किए गए खुलासे से मुस्लिम समाज संतुष्ट नहीं है। गुरुवार को इस मुद्दे पर मुस्लिम समाज की बैठक ढोलीखार स्थित अहमदिया हनीफिया इंटर कालेज में हुई। इसमें कहा गया कि पुलिस ने जल्दबाजी में खुलासा किया है। इसमें कई और षड्यंत्रकारी शामिल हैं। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह से मुलाकात करके ज्ञापन दिया।
जूता उद्यमी नजीर अहमद के नेतृत्व में हुई बैठक में समी आगाई ने कहा कि पुलिस ने मुईन के शव को लावारिस कैटेगरी में दफन करवाया। पुलिस की भूमिका लापरवाही वाली है। बसपा नेता बरकत अली ने कहा कि हत्या में जितने भी लोग शामिल हैं, उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। हत्याकांड के पीछे रहे विवादों की गहनता से पड़ताल की जानी चाहिए, जिससे पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके। दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। अगर पुलिस ने निष्पक्ष जांच नहीं की तो मुस्लिम समाज आंदोलन को बाध्य होगा। बैठक में हाजी मुईन की मगफिरत की दुआ की गई। इस मौके पर डा. सिराज कुरैशी, सैयद इरफान सलीम, हाजी बिलाल, मुबारिक हुसैन, हाजी शाहिद, इमरान कुरैशी, कामरान अहमद, मसरूर कुरैशी, हाजी बाबू, मुश्ताक अली, खालिद, अब्दुल सलाम, मोहम्मद समिया, हाजी हीरो आदि मौजूद थे। संचालन शरीफ कुरैशी उर्फ काले भाई ने किया।