मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पुलिस को खुदकुशी किए जाने की सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाने से बताई गई। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। हत्या क्यों और किसने की इसको लेकर परिजनों से पूछताछ की गई, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
बेवर क्षेत्र के गांव घुटारा निवासी निमेस कुमार की 14 वर्षीय पुत्री शिवानी की शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पुत्री ने बंद कमरे में खुदकुशी की है। उन्होंने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा है।
देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की कहानी झूठी साबित हुई। किशोरी की गला दबाकर हत्या की गई थी। रिपोर्ट आने के बाद प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही फोरेंसिक टीम के साथ एक बार फिर किशोरी के घर पहुंचे और जांच की।