आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में शनिवार तड़के बदमाशों और पुलिस की मुठभेड़ एक सिपाही शहीद हो गया। सुबह गश्त कर रहे सिपाहियों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ लिया था। छूटने के लिए बदमाशों ने गोली मार दी जो सिपाही के सीने में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सिपाही को मारकर बदमाश पैदल ही भाग गए।
बताया गया है कि आगरा के थाना एत्माद्दौला के सिपाही सतीश यादव और कुलदीप टेढ़ी बगिया क्षेत्र में 100 फुटा रोड पर तड़के 4.10 बजे गश्त पर थे। तभी प्रकाश पुरम के पास चार बदमाश एक बाइक पर आते दिखे। सिपाहियों ने रोका तो बदमाश भागने लगे। उनके हाथ में सब्बल और बेलचे लगे थे।
सिपाहियों के टोकने पर बदमाश बाइक खड़ी कर मोहल्ले में भागे। इस सिपाही सतीश ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश का कॉलर पकड़कर जमीन पर गिरा लिया। इसी दौरान एक बदमाश का तमंचा भी गिर गया। सिपाही कुलदीप ने भी बदमाश को पकड़ा। तभी एक बदमाश ने अपने साथी को छुड़ाने के लिए सतीश को दो गोली मारी।
इसमें एक गोली उसकी कांख और दूसरी जबड़े में लगी। सिपाही के गिरते ही बदमाश पैदल गली में भाग गए। साथी पुलिसकर्मी सिपाही सतीश को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में लेकर आए लेकिन डाक्टरों का कहना है कि उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर एडीजी जोन अजय आनंद, आईजी रेंज मुथा अशोक जैन, एसएसपी दिनेश चंद्र दुबे मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि शहीद सिपाही सतीश यादव 2006 बैच के थे और आगरा के सिकन्दरा थाने से ट्रांसफर होकर दिसंबर थाना एत्माद्दौला आए थे। मूल रूप से सतीश का परिवार अलीगढ़ के जादो स्थित बड़ेपुरा का रहने वाला है।