प्रधान समेत नौ के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अछनेरा के सहता ग्राम पंचायत के मजरा रसूलपुर में प्रधान बहौरन सिंह और पूर्व प्रधान दिनेश सिंह के बीच रंजिश में गुुरुवार को फिर से संघर्ष हो गया। इसमें गोली लगने से दिनेश के भतीजे ऊधल सिंह (30) की मौत हो गई। दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। ऊधल सिंह की हत्या में बहौरन सिंह और उनके दो बेटों समेत नौ के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गांव में तनाव बना हुआ है।
दोनों पक्षों में तीन दिन से तनातनी चल रही थी। गुरुवार दोपहर को यह संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर के लोग खून-खराबे पर उतारू हो गए। गोलियां भी चलीं। दिनेश पक्ष का कहना है कि उनके पक्ष के देवेंद्र व उनके बच्चों के साथ बहौरन पक्ष ने मारपीट की। जब इसकी शिकायत करने घर वे लोग पहुंचे तो उन पर फायरिंग की गई। इसमें देवेंद्र के भतीजे ऊधल सिंह पुत्र अनेक सिंह को गोली लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसके अलावा जगदीश पुत्र रमेश चंद, धर्मवीर पुत्र अनेक सिंह, नेत्रपाल पुत्र दलेर सिंह व देवेन्द्र पुत्र अशोक घायल हो गए। घायलों को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ऊधल की मौत हो गई।
बहौरन सिंह पक्ष का कहना है कि उनके घर पर विरोधियों ने हमला किया। जिसमें उनके भाई नहना पुत्र ज्ञासीराम एवं अन्य परिवारीजनों की गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बहौरन सिंह एवं उनके भतीजे कलुआ को हिरासत में ले लिया है। तनाव के चलते गांव में पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
महिला का शव मिला, हत्या की आशंका
बाह। बड़ा गांव में सड़क किनारे झाड़ियों में गुरुवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। ग्रामीणों के मुताबिक, महिला को कई दिन से गांव के आसपास ही देखा जा रहा था। वह मानसिक रूप से कमजोर थी। सुबह झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला। उसकी आंख और चेहरे पर चोट के निशान थे। इससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।