खैर/अलीगढ़ (ब्यूरो)। खैर कस्बे में गुरुवार देर रात घर के अंदर खेल रहे सराफ के 10 वर्षीय पुत्र को किसी ने गोली मार दी। परिजन गंभीर हालत में उसे अलीगढ़ के मेडिकल लेकर आए, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। इस घटना से बच्चे के परिवार में कोहराम मचा है। अनुमान है कि पुरानी रंजिश के चलते बच्चे की हत्या की गई है।
मोहल्ला हरनारायन के प्रमोद शर्मा की सोमना रोड पर सराफा की दुकान है। बताते हैं कि उनका 10 वर्षीय पुत्र लक्ष्य उर्फ लवी गुरुवार की रात नौ बजे घर की निचली मंजिल के एक कमरे में खेल रहा था। परिवार के अन्य लोग ऊपर की मंजिल के कमरों में अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इस बीच गोली चलने की आवाज सुनकर वे भागकर नीचे आए। लेकिन कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
विज्ञापन
लवी की कनपटी में कोई गोली मार कर भाग गया था। वह खून सें लथपथ जमीन पर पड़ा था। बच्चे के पिता प्रमोद एवं चाचा कांता शर्मा आदि उसे लेकर मेडिकल कॉलेज के लिए भागे, पर उपचार से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
बता दें कि प्रमोद शर्मा की परिवार में ही पुरानी रंजिश चली आ रही है। मई 2013 में झगड़े के दौरान प्रमोद के भतीजे की गोली लगने से मौत हो गई थी। जबकि खुद प्रमोद सहित आधा दर्जन लोग गोली लगने से घायल हो गए थे। हालाकि बाद में उनके बीच समझौता हो गया था। इंस्पेक्टर खैर राजवीर सिंह यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।