कस्बा जरार में ट्रक ड्राइवर योगेंद्र सिंह के पांच साल के मासूम बेटे रंजीत की अपहरण के बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका खून से लथपथ शव उसके घर से 100 मीटर दूर ही बरसों से बंद पड़े मकान की छत पर मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल और बाजार बंद कराकर हाईवे जाम करने का प्रयास किया गया। पुलिस अफसरों ने समझा बुझाकर लोगों को शांत किया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौका ए वारदात पर पहुंचे, लेकिन कातिल का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस ने मोहल्ले के दंपति समेत तीन लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया है।
रंजीत एआर आदर्श स्कूल में कक्षा एक का छात्र था। मंगलवार शाम पांच बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। पुलिस को इसकी सूचना रात में ही दी गई थी। बुधवार सुबह करीब दस बजे स्कूली बच्चे ब्रह्मचारी गुप्ता के बरसों से बंद पड़े घर की छत पर खेलने पहुंचे तो बच्चे का शव देखकर चीखपुकार मच गई।
हत्यारों ने बच्चे के पेट, सिर और गले पर धारदार हथियार से प्रहार करके हत्या की थी। सूचना पर सीओ बाह एनके चौधरी पहुंचे। गुस्साए लोगों ने फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉयड आने तक शव नहीं उठने की चेतावनी दी। पुलिस ने इस मामले में धर्मशाला में किराए पर रहने वाले दंपति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ ने बताया कि रंजीत के पिता ने रंजिश से इनकार किया है। कई पहलुओं से छानबीन की जा रही है।
रिंकू की शर्ट पर कैसे लगे खून के छींटे
बाह। जरार में बालक रंजीत की हत्या के मामले में पड़ोसी दंपति के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने दंपति को घटना के बाद ही हिरासत में ले लिया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सीओ का कहना है कि कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
मासूम रंजीत की अगवा करके हत्या करने के मामले में उसके पिता योगेंद्र ने धर्मशाला में किराये पर रहने वाले रिंकू उर्फ नरेंद्र और उसकी पत्नी नगमा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें कहा गया है कि एक साल पहले योगेंद्र का रिंकू से झगड़ा हो गया था। रिंकू ने योगेंद्र के साथ मारपीट कर दी थी। तभी से दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी। घरवालों को रिंकू पर शक इसलिए भी गहरा गया कि बंद मकान की जानकारी बस्ती के लोगों को ही है। बाहरी व्यक्ति को बंद मकान के बारे में जानकारी नहीं होगी। बंद मकान रिंकू के घर से सटा हुआ है। इसके साथ ही रिंकू की कमीज पर खून के छींटे भी देखे गए थे। इंस्पेक्टर बाह ने बताया कि दंपति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। दोनों हिरासत में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
मां खो बैठी सुधबुध
रंजीत की हत्या की खबर लगने के बाद उसकी मां श्वेता सुधबुध खो बैठी। वह बेहोश होकर गिर पड़ी। देर शाम तक मां को होश नहीं आ सका था। घरवाले उसे ढांढस बंधा रहे थे। श्वेता के दो बच्चों में रंजीत बड़ा था। छोटा बेटा दो साल का है।
मेरा बेटा भी धर्मशाला
से हुआ था लापता
मासूम रंजीत की हत्या के बाद मोहल्ले की सावित्री ने छह साल पहले लापता हुए बेटे की तलाश करने की मांग की है। रंजीत की हत्या के बाद थाने पहुंची सावित्री पत्नी कल्याण सिंह ने बताया कि उसका बेटा शिवम छह साल का था। छह साल पहले वह इसी धर्मशाला के बाद से खेल रहा था। लापता हो गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी, लेकिन आज तक उसके बेटे का पता नहीं चल सका है।