होली पर सोमवार को शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची बलदेव पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव करते हुए हवाई फायरिंग भी कर डाली। पथराव में दरोगा के सिर में चोट लगी तो दो सिपाही भी घायल हो गए। पुलिस टीम के पिटने की सूचना पर दौड़ी पुलिस ने हमलावरों के घरों पर दबिश दी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने बेवजह घरों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है।
थाना बलदेव के दरोगा धर्मेंद्र सिंह तीन सिपाहियों अर्जित, सहदेव और प्रदीप के संग नगला डोडिया गश्त पर जा रहे थे। तभी सूचना मिली कि नगला संजा में शराब बेची जा रही है और ग्रामीण बेखौफ होकर शराब पी रहे हैं।
रास्ते में नगला संजा के पास चौराहे पर परचून की दुकान पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर डाला और हवाई फायरिंग भी की। पथराव में दरोगा और दो सिपाही सहदेव और प्रदीप घायल हो गए।
पुलिस के पिटने की सूचना पर थाना बलदेव प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह के अलावा आसपास के थानों को फोर्स पहुंची। पुलिस के पहुंचने से हमलावर ग्रामीण भाग खड़े हुए। पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए दबिशें दीं तो तीन हत्थे चढ़ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घरों में जमकर तांडव मचाया और महत्वपूर्ण सामान को तोड़कर लाखों रुपये का नुकसान किया है।
एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि पुलिस पर हमला करने वाले टिंकू, सत्यपाल और इकबाल निवासीगण नगला संजा को गिरफ्तार किया गया है। दरोगा धर्मेंद्र कुमार की तहरीर पर पकड़े गए आरोपियों के अलावा अनिल, प्रकाश और सोनू, विजय व अजय, प्रदीप निवासी नगला संजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इनके पास से तीन पेटी शराब बरामद हुई है।
ग्रामीणों का आरोप, पुलिस ने घरों में की तोड़फोड़
ग्रामीणों को आरोप है कि निर्दोषों के घरों पर पुलिस ने तांडव मचाया, जबकि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस के इस रौद्र रूप के चलते ग्रामीण दहशत में हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए दबिश जरूर दी है, किसी के घर में तोड़फोड़ नहीं की गई है।