मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिलजान की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। कैप्टन ने कहा कि वे उभरते गायक दिलजान की हादसे में मौत की खबर से स्तब्ध हैं। शोक स्तंप्त परिवार के साथ मेरी संवेदना है।
दिलजान के निधन से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। पंजाबी गायक सुखशिंदर शिंदा ने दिलजान की मौत पर दुख प्रकट किया। सोशल मीडिया पर उन्होंने दिलजान की फोटो शेयर करते हुए लिखा- ये दुर्भाग्यपूर्ण समाचार सुबह-सुबह मिला। संगीत की दुनिया को नुकसान हुआ है।
पंजाबी गायिका कौर बी ने भी दिलजान को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस खबर पर यकीन नहीं हो रहा।
दिलजान का जन्म करतारपुर (नजदीक जालंधर) में एक मध्य वर्गीय परिवार में हुआ था। मास्टर सलीम के पिता उस्ताद पूर्ण शाहकोटी ने दिलजान को संगीत सिखाया। दिलजान रियलिटी शो 'आवाज पंजाब दी' में भी भाग ले चुके थे। पटियाला घराने से जुड़े दिलजान पाकिस्तानी रियल्टी शो 'सुर क्षेत्र' में भी प्रतिभागी रहे चुके हैं। वह इस प्रतियोगिता के ओवरऑल रनरअप थे। दिलजान का नया गीत 2 अप्रैल को रिलीज होने वाला था। इसी के चलते वह अमृतसर गए थे। पंजाबी गीतकार सचिन आहूजा ने दिलजान की मौत पर शोक जताया है।
दिलजान की मौत पर पर्यटन मंत्री ने जताया शोक
गायक दिलजान के निधन पर राज्य के पर्यटन मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दिलजान के परिजनों ने बताया कि दो अप्रैल को उसका नया गाना रिलीज होना था। इसी सिलसिले में एक बैठक में शामिल होने वह सोमवार को अपनी गाड़ी में अमृतसर गए थे। देर रात लौटते समय यह हादसा हो गया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों संबंधी मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने नौजवान पंजाबी गायक दिलजान के निधन पर दु:ख प्रगट किया है। शोक संदेश में चन्नी ने कहा कि इस सुरीले और मदुभाषी कलाकार के निधन से संगीत प्रेमियों और समूचे पंजाबी जगत को काफी ठेस पहुंची है। दिलजान बहुत सुरीला गायक था जिसने श्री चमकौर साहिब में बन रहे थीम पार्क के लिए भी दो गीतों में अपनी आवाज दी थी।