बिजली नहीं तो मीटर नहीं, बरहन में बुधवार को मीटर लगाने पहुंची टीम को जब यह सुनने को मिला तो अधिकारियों ने पुलिस को बुला लिया। उपभोक्ताओं ने जबरन मीटर लगाने का विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। तीन लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद घरों में मीटर लगाए गए। गुस्साए व्यापारी दुकानें बंद कर धरने पर बैठ गए। देर शाम थाना पुलिस ने हिरासत में लिए तीनों लोगों को छोड़ दिया। इसके बाद धरना खत्म हुआ।
सप्ताह भर पहले ग्रामीणों के विरोध के चलते बिना मीटर लगाए ही लौटी बिजली विभाग की टीम इस बार पुलिस फोर्स के साथ अधिशासी अभियंता मनोज शर्मा के नेतृत्व में पहुंची। वहां ग्रामीणों ने मीटर लगाने का विरोध किया। इस पर पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कर दिया। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गए। शाम को मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी अखिलेश भदौरिया की व्यापारियों से वार्ता हुई। विधायक डा. धर्मपाल सिंह तक यह खबर पहुंची तो उन्होंने लखनऊ में यूपी पावर कारपोरेशन के चेयरमैन संजय अग्रवाल से मुलाकात कर उपभोक्ताओं की पिटाई पर नाराजगी जताई।