गांव अभुआपुरा में मंगलवार गालीगलौज और मारपीट की सूचना पर पहुंची किरावली चौकी की पुलिस दोनों पक्षों को पकड़ ले गई। चौकी पर समझौते के दौरान एक सभासद के समर्थकों ने पुलिस के साथ मारपीट कर दी। मामला बढ़ते देख र्कई थानों से फोर्स बुला लिया गया। बाद में पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। देरशाम अछनेरा थाने में मामला दर्ज करने की कार्रवाई चल रही थी।
दरअसल, रविवार शाम चरन सिंह और सभासद हरिविलास पक्ष के बीच किसी बात को लेकर गाली गलौज हो गई थी। तब लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि मंगलवार सुबह चरनसिंह का पुत्र अजय दूध लेने जा रहा था तभी हरिविलास के पुत्र रूपेश ने उसके साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची किरावली चौकी पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। चौकी पर दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराया जा रहा था। इधर हरविलास का पुत्र जब घर नहीं पहुंचा तो वे अपने समर्थकों के साथ चौकी पर पहुंच गए। अपने रूपेश को अपने साथ ले जाने लगे तो मुंशी पवन सिंह ने उन्हें रोका। इस पर सभासद के समर्थकों ने चौकी पर मौजूद चार-पांच सिपाहियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आननफानन में पुलिस ने सूचना अछनेरा थाने को दी। एसओ नसरीन अहमद रिजवी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सभासद समर्थकों को खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने सभासद के लगभग 10 समर्थकों को हिरासत में ले लिया। एसओ नसरीन अहमद रिजवी का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, देरशाम आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई चल रही थी।