रवि गिडवानी नाम के युवक को डकैती की योजना के आरोप में जेल भेजने के मामले में दो इंस्पेक्टरों के सस्पेंड हो जाने के बाद अब पुलिस के अफसर भी फंस गए हैं। रवि के खिलाफ कार्रवाई में अधिकारियों की भी सहमति रही थी। यह मामला डीजीपी के पास पहुंचने पर इसकी फिर से जांच कराई जा रही है। पुलिस में इससे हड़कंप मचा हुआ है।
पिछले दिनों जब डीजीपी आगरा आए थे तब रवि की बहन रीटा उनसे मिली थी। रीटा का कहना है कि रवि ने ही उस पर जानलेवा हमला कराया था। उसके खिलाफ पुलिस ने सही कार्रवाई की है। उधर रवि ने आईजी से शिकायत की थी कि उसे हिरासत में लेने के बाद उसके खिलाफ डकैती की योजना का केस बनाया गया। इसकी जांच के बाद शाहगंज और रकाबगंज के इंस्पेक्टर सस्पेंड किए गए थे। अब मामला डीजीपी के पास पहुंचने पर पुलिस के अफसर भी फंस गए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले की फिर से जांच कराई जा रही है। इस बार यह भी देखा जाएगा कि रवि से पूछताछ किस किसने की थी। इनमें अफसर भी शामिल बताए गए हैं। एक अधिकारी ने उसकी गिरफ्तारी की प्रेस कांफ्रेंस भी की थी। उधर, रीटा का यह भी आरोप है कि उसके हमलावरों ने जेल से बाहर आते ही पुलिस अफसरों से मिलकर उसके खिलाफ झूठे केस दर्ज करा दिए। इसकी भी जांच चल रही है।