चांदी व्यवसायी रामकुमार अग्रवाल की हत्या उनके सगे भाई हरीश उर्फ सोनू अग्रवाल ने सुपारी किलर से करवाई थी। इसमें सोनू के दो दोस्त डाक्टर विकल छावड़ा और गौरव उर्फ कल्लू गुप्ता भी शामिल रहे। इन लोगों का प्लान रामकुमार की लगभग 20 करोड़ की संपत्ति हड़प लेने का था। पुलिस ने तीनों के साथ दो शूटरों मुरारी और प्रभात को गिरफ्तार कर सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया है।
यह थी वारदात
19 मार्च को कमला नगर में यूनियन बैंक शाखा के पास रामकुमार अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह दुर्गा एंक्लेव, बल्केश्वर के रहने वाले थे। फुलट्टी में उनका चांदी का बड़ा कारोबार है। उन्हें बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारी थी। उन पर छह महीने पहले भी हमला हुआ था। इसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
ऐसे हुआ खुलासा
सीसीटीवी फुटेज में एक वैगन आर कार दिखाई दी, जो सोनू की थी। उसके मोबाइल की लोकेशन भी मौका ए वारदात की मिली। कई लोगों ने पुलिस को बताया कि उसकी भाई से अनबन भी चल रही थी। उससे सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने पूरा राज उगल दिया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
रामकुमार का कमला नगर में लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने रहने वाला भाई हरीश उर्फ सोनू, बल्केश्वर का दांतों का डाक्टर विकल छावड़ा, सोनू का बल्केश्वर निवासी दोस्त गौरव उर्फ कल्लू गुप्ता, शिकोहाबाद के मोहल्ला गोहखेड़ा कस्बा निवासी शूटर मुरारी बघेल, शिकोहाबाद की ही लेबर कालोनी का शूटर प्रभात यादव।
ये आरोपी हैं फरार
सभी शिकोहाबाद के हैं। बड़ा बाजार का अंशुल गुप्ता, कटरा मीरा का भूरी सिंह, आदर्श नगर का रिंकू उर्फ जितेंद्र, गुलाब बड़ी का सोनू ठाकुर, मोहल्ला खेड़ा का मिथुन। इनके अलावा बंटू है। इसका पता पुलिस को नहीं मिला है।
एसएसपी ने दी शाबासी
एसएसपी डा. प्रीतिदिंर सिंह ने खुलासे में शामिल टीम को शाबासी दी है। एसपी सिटी सुशील कुमार घुले और एएसपी अनुराग वत्स ने टीम का नेतृत्व किया। टीम में इंस्पेक्टर रघुराज सिंह चौहान, दरोगा योगेश सिरोही, आशीष कुमार, शैलेंद्र सिंह शामिल रहे।