आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास शुक्रवार को एक युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वो रेलवे लाइन पार कर रही थी। पुलिस का कहना है कि युवती मोबाइल पर बात करती जा रही थी। इस कारण उसे ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी।
केआर नगर निवासी पूनम (25) पुत्री सरनाम सिंह एसएससी की तैयारी कर रही थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वो शुक्रवार की सुबह किसी काम से आवास विकास कालोनी के सेक्टर 16 गई थी। दोपहर 12 बजे घर आ रही थी।
वो गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास स्थित सिनर्जी हास्पिटल के सामने रेलवे लाइन पार कर रही थी। तभी बिल्लोचपुरा स्टेशन की ओर से आती ट्रेन की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।