जगदीशपुरा क्षेत्र के एक कालेज में गैंगरेप की शिकार हुई युवती के घर में रविवार रात कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। पीड़िता के साथ मारपीट की कोशिश की। उसकी तीन मौसियों को लाठी-डंडे और सरिया से पीटा। घर में तोड़फोड़ भी की। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी भाग निकले। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
रुनकता क्षेत्र की युवती जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित एक कालेज में बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही थी। कालेज के हास्टल में रहने के दौरान उसकी अश्लील फोटो खींच ली थी। आरोप है कि कालेज संचालक राजवीर सिंह समेत तीन लोगों ने उसके साथ रेप किया। अधिकारियों से शिकायत के बाद 29 जुलाई को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। युवती ने सुरक्षा की गुहार लगाई थी। पीड़िता ने बताया कि वह अपनी मौसियों के साथ रहती है। रविवार आधी रात बाद उसके घर के बाहर एक कार आकर रुकी। कार से उतरे तकरीबन आधा दर्जन युवक लाठी-डंडे और सरिया लेकर घर में घुस आए। उन्होंने आते ही उसकी मौसियों के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी।
तोड़फोड़ करने लगे। युवती अपनी बहन के साथ घर से भाग निकली। इस पर हमलावर धमकाते हुए भाग निकले। पीड़िता का आरोप है कि कालेज संचालक ने अपने साथियों से हमला कराया है। उसे 20 लाख में समझौता करने के लिए धमकाया जा रहा है। पुलिस ने अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं की है। मारपीट में उसकी एक मौसी घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी जगदीशपुरा पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
जेल जा चुका है दरोगा
आगरा। इस मामले में आरोपी को बचाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में दरोगा राजवीर सिंह जेल जा चुका है। उसे विजिलेंस ने 70 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की।