डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के जुबली हाल में आयोजित अनुसूचित जाति-जनजाति युवा कल्याण एसोसिएशन के व्याख्यान और सम्मान समारोह में देवी-देवताओं के अनादर पर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर इंदु चौधरी फंस गई हैं। उनके खिलाफ थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया।
बता दें, बीएचयू की असिस्टेंट प्रोफेसर इंदु चौधरी ने देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की थी। इससे हिंदूवादी संगठन उबल पड़े थे। सोमवार को हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने थाना हरीपर्वत पर प्रदर्शन करके तहरीर दी थी। भाषण की आडियो रिकार्डिंग भी सौंपी थी। सीओ हरीपर्वत अशोक कुमार सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही थी। बुधवार को मंच के युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राणा की तहरीर पर इंदु चौधरी और कार्यक्रम आयोजक रामजीलाल विद्यार्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसओ हरीपर्वत ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करना धार्मिक उन्माद फैलाना के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।