पीड़ित परिवार के घर पहुंचे एसएसपी और डीएम
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जनपद में थाना दक्षिण क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले मोहल्ले बड़ी छपैटी में मंगलवार शाम ई-रिक्शा चालक और चूड़ी कटाई श्रमिक के बीच विवाद के बाद बवाल हो गया। कटाई श्रमिक के पक्ष में आए समुदाय विशेष के लोगों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान पथराव और पेट्रोल बम भी फेंके गए। फायरिंग में घर के बाहर खड़े युवक की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। सूचना पर डीएम-एसएसपी समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है।
बड़ी छपैटी स्थित संजय गुप्ता के चूड़ी गोदाम पर मंगलवार शाम चूड़ी के तोड़े उठाकर चालक राजकुमार ई-रिक्शा में रख रहा था। तभी वहां से गुजर रहे चूड़ी कटाई श्रमिक की बाइक ई-रिक्शा से टकरा गई। इससे कुछ तोड़े टूट गए। इस पर ई-रिक्शा चालक और कटाई श्रमिक के बीच मारपीट हो गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करा मामला शांत करा दिया।
रात करीब आठ बजे कटाई श्रमिक कई लोगों को साथ लेकर घटनास्थल पर आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये लोग तमंचे, लाठी-डंडे और पेट्रोल बम लिए थे। आते ही इन लोगों ने पथराव-फायरिंग कर दी। फायरिंग में घर के बाहर खडे़ युवक अमित गुप्ता (26) पुत्र उमाशंकर गुप्ता के सीने में गोली लगी।