हाथरस से वैन में अगवा किया कक्षा आठ का छात्र मोहित एत्मादपुर के गांव बासवाला में अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बचकर भाग निकला। छात्र ने गांव में जाकर शोर मचाया तो ग्रामीण जुट गए। इस पर अपहरणकर्ता भाग निकले।
थाना हाथरस गेट स्थित गांव नया बांस निवासी ओमप्रकाश परचून विक्रेता हैं। उनका भांजा मोहित राजेंद्र मेमोरियल विद्या मंदिर में कक्षा आठ का छात्र है। स्कूल गांव से एक किमी दूर है। वह मंगलवार ढाई बजे स्कूल से निकला था कि वैन सवार दो लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। पीछे बैठे एक युवक ने उसे वैन के अंदर खींच लिया और अपने साथ ले जाने लगे। शोर मचाने पर धमकाकर चुप कर दिया। रात तकरीबन आठ बजे एत्मादपुर के गांव बासवाला पहुंचे। यहां पर वैन से उतरकर एक अपहरणकर्ता लघुशंका करने लगा। तभी मोहित वैन का गेट खोलकर गांव की तरफ शोर मचाता हुआ भाग निकला। अपहरणकर्ता भी उसके पीछे दौड़े। यह देख वहां से गुजर रहे एक दंपति ने शोर मचा दिया। इस पर ग्रामीण घरों से निकल आए। खुद को घिरता देखकर अपहरणकर्ता वैन लेकर भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस छात्र को थाने पर ले आई और थाना हाथरस गेट पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि छात्र शाम तकरीबन साढ़े चार बजे घर पहुंचता है। परिवारीजनों ने समझा होगा कि वह कहीं घूमने चला गया होगा। इस कारण उन्होेंने वहां की पुलिस को भी सूचना नहीं दी।