पंचकुइयां तहसील रोड पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने एक्टिवा में टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार बीसीए छात्र दिव्यांशु (19) की मौत हो गई। वह कालेज के सेमिनार में शामिल होने जा रहा था। घटना के बाद चालक टाटा मैजिक लेकर फरार हो गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
न्यू ईदगाह कालोनी निवासी रमेशचंद अधिवक्ता हैं। उनका बेटा दिव्यांशु डा. एमपीएस कालेज में बीसीए द्वितीय सेमेस्टर का छात्र था। शनिवार को पंचकुइयां पर कालेज की ओर से इकॉनॉमिक्स पर सेमिनार का आयोजन किया गया था। दिव्यांशु सुबह 9:30 बजे सेमिनार के लिए एक्टिवा (स्कूटर) से निकला था। तहसील से पंचकुइयां की ओर जा रहा था। तभी सामने से टाटा मैजिक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल हो गया। लोगों ने टाटा मैजिक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक उसे लेकर भागने में सफल रहा। दिव्यांशु को एसएन इमरजेंसी लेकर आए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में छात्र और परिवारीजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। इस मामले में थाना नाई की मंडी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।