ग्रामीण इलाकों में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 28 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बाह के बासौनी में शहीद मुल्तान सिंह की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे पिढ़ौरा निवासी उनके रिश्तेदारों से भरा टेंपो बाह के देवता पेट्रोल पंप के पास बोलेरो से टकरा गया। इससे पिढ़ौरा के शिशुपाल सिंह (42) की मौत हो गई। जबकि छोटेलाल, सुनीता, जगदीश, रूप सिंह, सरला, भागीरथ, हरी सिंह, चम्पा देवी, अनीता, सुमन, शकुन्तला, रश्मी, सोनाली, विवेक, सुनील घायल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी बाह में भर्ती कराया। वहां से सुनीता, सरला, अनीता, रूप सिंह, छोटेलाल, भागीरथ, जगदीश, हरी सिंह, चम्पादेवी को सैफई भेज दिया गया।
फतेहपुर सीकरी के ग्राम भड़कौल के पास हाईवे पर तेज गति अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार ग्राम सिकरौदा के प्रधान खजान सिंह के पुत्र सतीश सिंह (35) की मौत हो गई। सतीश आगरा पथोली के पास स्थित अपने मैरिज होम से दिन में तीन बजे घर लौट रहा था। तभी कौरई टोल प्लाजा के समीप हादसा हुआ।
आगरा-जयपुर हाईवे पर मंडीगुड़ के समीप सोमवार सुबह लगभग चार बजे खड़ी स्विफ्ट कार में बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे कार के परखच्चे उड़ गये और कैंटर भी पलट गया। हादसे में चालक रामसिंह राजपूत निवासी बरजन थाना नाभा जिला नागौर की मौत हो गई। जयपुर थाना झोटबाड़ा शिवाजीनगर निवासी सलीम खां ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि वह अपने परिजन इकरासुद्दीन, उनकी पत्नी रूकसाना निवासी उद्योगनगर जयपुर, अपनी पत्नी खातून बेगम के साथ कार से आगरा जा रहे थे। यूपी ऑनलाइन टैक्स कटवाने के लिए गाड़ी को हाईवे पर रोका था। तभी पीछे से आए कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे के वक्त परिवारीजन कार के बाहर थे। पुलिस ने कैंटर और उसे चालक बल्देव रावत निवासी बोरोज थाना गंज जिला अजमेर को कब्जे में ले लिया है।
अछनेरा में सोमवार सुबह भुवनेश कुमारी पुत्री बनैसिंह निवासी गोला दगरा अपनी छोटी बहन संध्या के साथ किरावली मार्ग स्थित भट्ठे पर गोबर डालकर लौट रही थी। तभी धान से भरी तेज गति मैक्स गाड़ी ने दोनों को चपेट में ले लिया। मैक्स पलटने से भुवनेश नीचे दब गई। चीखपुकार पहुंचे लोगों ने युवती को बाहर निकाला और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने मैक्स गाडी को कब्जे में ले लिया। युवतियों के भाई मानवेन्द्र सिंह ने थाना अछनेरा में मैक्स चालक के खिलाफ तहरीर दी है। हादसे के बाद चालक क्लीनर मौके से भाग गए।
किरावली में हाईवे पर बाइक सवार मुकेश निवासी गंगा नगर जिला सवाई माधौपुर राजस्थान अपनी पत्नी राखी, पुत्री योगिता (8) के साथ ससुराल आगरा जा रहे थे। गांव भरगरपुर के पास बाइक फिसल गई। इससे तीनों घायल हो गए। उन्हें सीएचसी किरावली से आगरा भेजा गया है। फतेहाबाद से सोमवार दोपहर सवारियां लेकर आगरा जा रहा एक टेंपो कौलारा झील के पास पलट गया। इससे टेंपो चालक महेेश कुमार निवासी खंडेर, कुुसुम, सरिता, गुड्डी, संजू, मोहर सिंह, रैैना, किट्टी आदि घायल हो गये।