मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को दबंगों ने तेजाब फेंकने की धमकी दी है। दहशत में आया परिवार गांव से पलायन कर चुका है। पीड़िता के साथ एक माह पूर्व सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की गई। लेकिन पुलिस ने तहरीर के बाद भी मामला दर्ज नहीं किया। वहीं, दूसरे पक्ष की तहरीर पर पीड़िता के भाई के विरुद्ध ही मामला दर्ज करा दिया गया।
थाना पुलिस के इस अन्याय की शिकायत पीड़ित परिजनों ने उप-मुख्यमंत्री से की है। थाना औंछा क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी 21 मार्च की शाम शौच के लिए खेत पर जा रही थी। तभी गांव निवासी दो आरोपी उसे पकड़ कर झाड़ियों में खींच ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर जब परिजन और ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर भाग गए।
पीड़िता के पिता जब थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो उससे पहले ही दूसरे पक्ष ने पीड़िता के भाई के विरुद्ध छेड़खानी व अन्य धाराओं में मामला दर्ज करा दिया। दोनों पक्षों की तहरीर मिलने के बाद भी थाना पुलिस ने एक पक्ष को सही ठहराते हुए दूसरे की रिपोर्ट दर्ज करने से साफ मना कर दिया।